अलीगढ़, 17 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर अलीगढ़ के ग्राम मानपुर रसूलपुर स्थित (IAKTF) के राष्ट्रीय कार्यालय में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित किया गया। संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में किया गया, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार ने की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी गुरसिमरन सिंह मंड भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों के अनुसार, ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत देशवासियों से 17 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में दीप जलाने की अपील की गई थी। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करना बताया गया। इसी अभियान के तहत अलीगढ़ स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में भी दीप जलाया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन की कामना की। इसके साथ ही भारत की शांति, एकता, समृद्धि और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित तथा सामाजिक एकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी गुरसिमरन सिंह मंड ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। संगठन के अनुसार, उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित, मानवता, शांति और देश की प्रगति के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के आगामी अवसर का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों के अनुसार, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। 7 अक्टूबर 2026 को इस जिम्मेदारी की शुरुआत के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर होगा।
कार्यक्रम में संगठन के कोषाध्यक्ष विकास कुलश्रेष्ठ, चौधरी अक्षत तलान, ध्रुव तलान, विकास चौराली, शिवम उर्फ जिम्मी, मोहित, ऋषि पाल अत्री, निम्बू चाचा, पवन तलान, धर्मेंद्र देशवाल, रिकू ठाकुर, क्रिश्च, सचिन तालान, पंडित यश, आरिफ, अधिवक्ता प्रवीन खैर और बंटी अत्री सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ भारत की शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की गई।

From Newsfeed
